अभिषेक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं चेयरमैन डॉ. संजय कुमार का 53वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया

7

अभिषेक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं चेयरमैन डॉ. संजय कुमार का 53वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया

चंदौली : जिला मुख्यालय स्थित अभिषेक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन में मंगलवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस एवं संस्था के चेयरमैन डॉ. संजय कुमार का 53वां जन्मदिन हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं संस्था के चेयरमैन डॉ. संजय कुमार ने केक काटकर की। इस दौरान संस्थान के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अन्य उपस्थित लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. संजय कुमार ने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी डॉक्टर अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, समर्पण और सेवा भावना के साथ निर्वहन करते हैं। यही कारण है कि प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को पूरे देश में राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाकर चिकित्सा जगत की अमूल्य सेवाओं को सम्मान दिया जाता है। उन्होंने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर कर्मचारियों ने डॉ. संजय कुमार के जीवन और कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके नेतृत्व में अभिषेक हॉस्पिटल आज पूर्वांचल के प्रमुख अस्पतालों में अपनी पहचान बना चुका है। इसके साथ ही नर्सिंग एवं फार्मेसी शिक्षा के क्षेत्र में भी अभिषेक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन लगातार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर युवाओं के भविष्य को नई दिशा दे रहा है।

गौरतलब है कि डॉ. संजय कुमार का जन्म 1 जुलाई 1973 को चंदौली जनपद के धानापुर ब्लॉक स्थित रमरजाय गांव में हुआ था। उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने चिकित्सा सेवा को अपना लक्ष्य बनाया और चंदौली में अभिषेक हॉस्पिटल की स्थापना की। आज यह अस्पताल पूर्वांचल के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में गिना जाता है और हजारों मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्या उषा रानी आर, राम आशीष यादव, आलोक कुमार, शुभम पाण्डेय, प्रीति गुप्ता, शिखा सिंह, मृत्युंजय चटर्जी सहित संस्थान के सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए चिकित्सकों के योगदान को नमन किया तथा डॉ. संजय कुमार के जन्मदिन को उत्साहपूर्वक मनाया।