स्वतंत्रता दिवस पर पुलिस लाइन में गूंजा राष्ट्रगान, उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुलिसकर्मी सम्मानित
चन्दौली : 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद में उत्साह और देशभक्ति का माहौल रहा। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन एवं कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दिलाया।
ध्वजारोहण के बाद पुलिस अधीक्षक ने सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदान किया गया प्रशंसा चिह्न अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) को प्रदान किया गया। वहीं उपनिरीक्षक अतुल कुमार और मुख्य आरक्षी गोविन्द सिंह को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया गया।
इसके अलावा यूपी-112 में तैनात आठ पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को विकसित भारत के निर्माण, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, देश की समृद्ध विरासत पर गर्व तथा राष्ट्र की एकता और एकजुटता के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस परिवार के सदस्यों सहित समस्त जनपदवासियों एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। जनपद के सभी थानों, चौकियों और पुलिस कार्यालयों में भी ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
रिपोर्ट : पवन पाण्डेय


















