सावन की पावन बेला में गायत्री चेतना केंद्र पर गूंजे वैदिक मंत्र, अयोध्या दर्शन के लिए डॉ. विनय तिवारी ने की निःशुल्क बस सेवा की घोषणा
चंदौली : पवित्र सावन माह के अवसर पर रविवार को गायत्री चेतना केंद्र, सकलडीहा में साप्ताहिक यज्ञ का दिव्य एवं भव्य आयोजन वैदिक विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य यजमान डॉ. विनय प्रकाश तिवारी, संस्थापक-प्रबंधक डैडीज इंटरनेशनल आवासीय विद्यालय, चंदौली रहे। यज्ञ में दूर-दराज से पहुंचे गायत्री परिवार के परिजनों, श्रद्धालुओं और भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मुख्य अतिथि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी के केंद्र पहुंचने पर प्रवेश द्वार पर तिलक-चंदन, पुष्प एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद देव पूजन एवं देव आवाहन के साथ यज्ञ का शुभारंभ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शास्त्रोक्त विधि-विधान से यज्ञ संपन्न कराया गया। सावन माह की आध्यात्मिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए विभिन्न देव शक्तियों को गायत्री मंत्र के साथ श्रद्धापूर्वक आहुतियां अर्पित की गईं।
यज्ञ के उपरांत डॉ. तिवारी को पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य का साहित्य, अक्षय कलश एवं श्रीफल का पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर डॉ. तिवारी ने कहा कि मनुष्य का कहीं भी जाना ईश्वर की इच्छा और मां गायत्री की कृपा से ही संभव होता है। उन्होंने गायत्री चेतना केंद्र पर बिताए समय को आध्यात्मिक आनंद और अनुभूति से परिपूर्ण बताते हुए गायत्री परिवार से भविष्य में भी जुड़े रहने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने दक्षिण भारत भ्रमण तथा निवेश से जुड़े अपने अनुभव भी साझा किए।
गायत्री परिजनों के लिए अयोध्या दर्शन की बड़ी घोषणा
कार्यक्रम के दौरान डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने गायत्री परिवार के परिजनों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि पिछले करीब 18 महीनों से उनके निजी व्यय से प्रत्येक माह एक बस अयोध्या दर्शन के लिए जाती है। अब इसी क्रम में गायत्री परिवार के सदस्यों के लिए भी अयोध्या दर्शन हेतु बस की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार के सदस्य अपनी सुविधानुसार तिथि निर्धारित करें। अयोध्या यात्रा के लिए श्रद्धालुओं से किसी प्रकार का शुल्क या यात्रा व्यय नहीं लिया जाएगा। बस के माध्यम से श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर प्रभु श्रीराम के दर्शन कर सकेंगे।
इस घोषणा की जानकारी मिलते ही उपस्थित गायत्री परिजनों ने करतल ध्वनि एवं जयघोष के साथ डॉ. तिवारी का अभिनंदन किया। पूरे परिसर में श्रद्धा, उत्साह और आनंद का माहौल देखने को मिला।
यज्ञ एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम के बाद सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से स्वल्पाहार ग्रहण किया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी को स्नेहपूर्वक विदाई दी गई। सावन की पावन बेला में आयोजित यह साप्ताहिक यज्ञ जहां श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का केंद्र बना, वहीं निःशुल्क अयोध्या दर्शन की घोषणा ने गायत्री परिवार के सदस्यों में नई उमंग और उत्साह का संचार कर दिया।


















