स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट में शान से लहराया तिरंगा, सेनानियों के परिजनों का हुआ सम्मान
चंदौली : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चंदौली कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन की ओर से भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।
समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर जिलाधिकारी ने अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने परिजनों से कुशल-क्षेम जाना और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि उन वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है, जिनके त्याग और बलिदान से देश को आजादी मिली। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिवारों का योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके परिजनों का सम्मान करना हम सभी के लिए गर्व की बात है।
कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि एक नागरिक और प्रशासक के रूप में सभी को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ करना चाहिए। स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस समृद्ध, सुरक्षित और भेदभाव-मुक्त भारत का सपना देखा था, उसे साकार करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने देश की सीमाओं की रक्षा में तैनात वीर जवानों और आजादी के लिए बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों को भी नमन किया।
कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी ने नगर पंचायत चंदौली परिसर स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर माल्यार्पण किया। उन्होंने जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका कुशल-क्षेम जाना और उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
समारोह में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा समेत वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट : पवन पाण्डेय


















