चाकू गोदकर युवक की हत्या, क्षेत्र में मची सनसनी, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी

1113

चाकू गोदकर युवक की हत्या, क्षेत्र में मची सनसनी, पुलिस जांच पड़ताल में जुटी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के बंशीपुर गांव के पास नहर पुलिया के बगल में एक 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई. शव के पास शराब की शीशी, चीखना, मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल व एक चाकू मिला. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शव की शिनाख्त सकलडीहा थाना क्षेत्र के देवरापुर गांव निवासी मुन्ना यादव पुत्र शोभनाथ यादव के रूप में हुई. पुलिस परिजनों को सूचित कर अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है.

जानकारी के अनुसार बलुआ थाना क्षेत्र के बंशीपुर गांव के समीप अमिलाई नहर में देवरापुर गांव के निवासी 25 वर्षीय मुन्ना यादव का रक्त रंजीत शव मिलने से सनसनी फैल गई. ग्रामीण जब सुबह शौच करने के लिए खेत की तरफ गए तो देखा कि नहर के पास एक युवक का शव लहू लुहान हालत में पड़ा हुआ है. यह देख लोग चीखने चिल्लाने लगे. तत्काल घटना की सूचना डायल 112 नंबर व बलुआ पुलिस को दी गई जिस पर सीओ सकलडीहा रघुराज, बलुआ थानाध्यक्ष आशीष मिश्रा सहित भारी मात्रा में पुलिस फोर्स के साथ पहुँच गये. पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्यवाही में जुट गई है और मामले की जांच कर अपराधियों के सुराग में लगी हुई है.

सूचना पाकर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और दहाड़ मारकर चीखने चिल्लाने लगे. मृतक दो भाइयों में छोटा था. पिता शोभनाथ यादव ने बताया कि मुन्ना मेरे साथ खेती बारी में हाथ बटाता था. पांच दिन पूर्व चहनियां स्थित एक अस्पताल में मुन्ना की पत्नी पूजा ने एक पुत्री को जन्म दिया. जो प्रतिदिन भोजन लेने घर जाता था सोमवार की शाम को वह सकलडीहा पैसे लेने के लिए गया था. माता छवि देवी बड़ा भाई बबलू व बहनों का रो-रो कर बुरा हाल है.

इस बाबत सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि बलुआ थाना क्षेत्र के बंशीपुर नहर पुलिया के पास एक शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई. इसपर किसी के द्वारा चोट पहुंचाई गई थी. सूचना मिलने के बाद तत्काल बलुआ पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर शव का शिनाख्त किया गया. मृतक की शिनाख्त मुन्ना यादव पुत्र शोभनाथ यादव निवासी ग्राम देवरापुर थाना सकलडीहा उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई. परिजनों को सूचना दे दिया गया है. शव को मोर्चरी हाउस भेज दिया गया है. परिजनों से तहरीर प्राप्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.