50 हजार का इनामी हत्यारोपी बिहार से गिरफ्तार, संयुक्त पुलिस टीम को बड़ी सफलता

77

50 हजार का इनामी हत्यारोपी बिहार से गिरफ्तार, संयुक्त पुलिस टीम को बड़ी सफलता

चंदौली : पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। थाना सैयदराजा पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी को उसके घर से दबोच लिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 14 दिसंबर 2025 की रात थाना सैयदराजा क्षेत्र में चोरी की वारदात के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने 15 वर्षीय मोनू को गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल मोनू को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतक के पिता की तहरीर पर थाना सैयदराजा में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी।

पुलिस ने बताया कि फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मंगरु मुसहर (21 वर्ष) निवासी ग्राम कुढनी, थाना कुढनी, जिला कैमूर (बिहार) को स्थानीय बिहार पुलिस के सहयोग से उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। घटना वाली रात भी सभी आरोपी चोरी करने के उद्देश्य से कई घरों में घुसे थे।

अंतिम घर में परिजनों के जाग जाने पर एक व्यक्ति ने उनके साथी निहोर मुसहर को पकड़ लिया। पकड़े जाने के डर से निहोर मुसहर ने तमंचे से गोली चला दी, जिससे मोनू की मौत हो गई। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जबकि निहोर मुसहर वहीं पकड़ा गया था।

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में थाना सैयदराजा पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम के अधिकारियों व जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।