नए शैक्षणिक सत्र पर डॉ. विनय प्रकाश तिवारी का प्रेरक संदेश: “अंक नहीं, चरित्र बनाइए, ज्ञान के साथ अनुशासन भी अपनाइए”
चंदौली : गर्मी की छुट्टियों के बाद नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के अवसर पर डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल, बिशुनपुरा कांटा के संस्थापक डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने विद्यार्थियों के नाम प्रेरणादायक संदेश जारी किया। उन्होंने छात्रों से आह्वान किया कि वे नए सत्र को केवल नई कक्षा की शुरुआत न मानें, बल्कि अपने जीवन के नए अध्याय के रूप में देखें और पहले दिन से ही मेहनत, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।
डॉ. तिवारी ने कहा कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि प्रतिदिन किए गए छोटे-छोटे प्रयास ही भविष्य की बड़ी उपलब्धियों की नींव रखते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतिदिन स्वयं को बेहतर बनाने, प्रश्न पूछने में संकोच न करने, मोबाइल और सोशल मीडिया का सीमित एवं सकारात्मक उपयोग करने तथा शिक्षकों का सम्मान करने की सीख दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से प्रतिदिन पुस्तक पढ़ने, किसी न किसी अच्छे कार्य में सहभागिता निभाने, हार से सीख लेने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का भी आग्रह किया। साथ ही अपने सपनों और लक्ष्यों को लिखकर उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि “अंक आपको नौकरी दिला सकते हैं, लेकिन चरित्र आपको सम्मान दिलाता है। ज्ञान आपको सफल बनाता है, जबकि अनुशासन आपको महान बनाता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि एक बेहतर और जिम्मेदार इंसान बनने का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
अंत में डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।


















