बौद्ध धर्म सबके कल्याण और समरसता का संदेश देता है : रामदास आठवले

38

बौद्ध धर्म सबके कल्याण और समरसता का संदेश देता है : रामदास आठवले

चंदौली : चकिया विकासखंड के मुजफ्फरपुर गांव स्थित बौद्ध विहार में रविवार को केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास आठवले का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में चुटीली एवं हास्य कविताओं के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया। उनकी कविताओं पर लोगों ने जमकर तालियां बजाईं और पूरा परिसर उत्साह से गूंज उठा। इस दौरान विधायक कैलाश आचार्य ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

बुद्ध के संदेश को अपनाने का आह्वान

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि बौद्ध धर्म सभी को अपने में समाहित करने वाला धर्म है, जो समानता, भाईचारे, उन्नति और मानव कल्याण का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि भगवान बुद्ध के विचार आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं और सभी को उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास करना चाहिए।

बौद्ध विहार की स्थापना के प्रयासों की सराहना

केंद्रीय मंत्री ने मुजफ्फरपुर गांव में बौद्ध विहार की स्थापना के लिए बौद्ध समाज के उपदेशक क्रांतिकारी बीनाचार्य द्वारा किए गए प्रयासों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में जागरूकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं।

अर्चना देवी ने किया अतिथियों का स्वागत

समारोह के दौरान समाजसेवी अर्चना देवी ने केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने अपने संबोधन में बुद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार और समाज में शांति, समरसता तथा मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।

जनप्रतिनिधियों व बौद्ध समाज की रही उल्लेखनीय मौजूदगी

कार्यक्रम में चकिया ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव, बौद्ध धर्म उपदेशक क्रांतिकारी बीनाचार्य, बुद्ध विहार की सचिव अर्चना सहित बड़ी संख्या में बौद्ध समाज के लोग, महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।

वीआईपी मूवमेंट के चलते सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद

केंद्रीय मंत्री के आगमन को देखते हुए कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी गई।