प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र पर कृभको ने आयोजित की किसान सभा, किसानों को दिखाई गई पीएम-किसान की 23वीं किस्त

27

प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र पर कृभको ने आयोजित की किसान सभा, किसानों को दिखाई गई पीएम-किसान की 23वीं किस्त

चंदौली : चकिया क्षेत्र अंतर्गत मुहमदाबाद स्थित प्रधानमंत्री किसान समृद्धि केंद्र (पीएमकेएसके) पर शनिवार को कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (कृभको) के तत्वावधान में विशाल किसान सभा एवं चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 23वीं किस्त के देशव्यापी हस्तांतरण तथा प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण किसानों को दिखाना था।

आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर बल

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैलाश आचार्य ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने किसानों से केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने पर बल दिया।

किसानों को फार्मर रजिस्ट्री कराने पर जोर

कृभको के क्षेत्रीय अधिकारी आदर्श कुमार सिंह ने किसानों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक खेती के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि डिजिटल कृषि व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी किसानों को अपनी फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से करानी चाहिए, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और पारदर्शी तरीके से प्राप्त हो सके। उन्होंने मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से बचते हुए जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील की।

मुख्य अतिथि ने धन्यवाद किया ज्ञापित

कार्यक्रम के अंत में रमेश चंद्र शुक्ला ने मुख्य अतिथि, कृभको अधिकारियों एवं उपस्थित किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

ये रहे मौजूद

किसान सभा में क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान अरविंद, चांगुर, राजीव पाठक, संजय, कमलेश, त्रिभुवन, राजेश, मंजु, गुलाब, आशु सहित अनेक प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। किसानों ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक बताते हुए कृभको की इस पहल की सराहना की।