चकिया गौशाला में सुविधाओं का निरीक्षण, साफ-सफाई और चारे पर जोर
चंदौली : भीषण गर्मी के बीच नगर पंचायत प्रशासन पशुओं की देखभाल को लेकर सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को चकिया नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव ने ब्लॉक परिसर स्थित गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पशुओं की स्थिति, उनके रखरखाव एवं उपलब्ध सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।
पशुओं के लिए लगाए गए कूलर
चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए गौशाला में पशुओं को गर्मी से राहत दिलाने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। गौशाला परिसर में दो बड़े कूलर लगवाए गए हैं, ताकि पशुओं को लू और तेज धूप से बचाया जा सके। इसके साथ ही हरे चारे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे पशुओं के पोषण में किसी प्रकार की कमी न रहे।
चेयरमैन ने खुद खिलाया गुड़
निरीक्षण के दौरान चेयरमैन ने स्वयं पशुओं को गुड़ खिलाकर सेवा भाव का परिचय दिया और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पशुओं के खानपान में गुणवत्ता और मात्रा दोनों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने चारे की गुणवत्ता को लेकर कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी ली और नियमित रूप से इसकी निगरानी करने के निर्देश दिए।
साफ-सफाई और देखभाल पर जोर
इसके अलावा गौशाला परिसर में साफ-सफाई की स्थिति पर भी विशेष जोर देते हुए उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिया कि नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पशुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके और किसी प्रकार की बीमारी का खतरा न हो।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर पशु चिकित्सक डॉ. रविंद्र दुबे, पत्रकार शीतला राय, चेयरमैन प्रतिनिधि राजू माली, भाजपा नेता शुभम मोदनवाल सहित नगर पंचायत के कर्मचारी अजय सेठ, संतोष यादव एवं सोनू चौहान मौजूद रहे।


















