ननिहाल आया मासूम चंद्रप्रभा नदी में डूबा, रेस्क्यू अभियान जारी

30

ननिहाल आया मासूम चंद्रप्रभा नदी में डूबा, रेस्क्यू अभियान जारी

चंदौली : जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र के धरौली चौकी अंतर्गत कांटा साइफन स्थित चंद्रप्रभा नदी सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे की साक्षी बनी। नहाने गए 12 वर्षीय बालक का पैर गहरे पानी में फिसल गया जिससे वह नदी में डूब गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन नदी के तेज बहाव और अंधेरे के कारण देर रात तक बच्चे का कोई पता नहीं चल सका।

जानकारी के अनुसार डूबे मासूम की पहचान मोहम्मद आसिफ (12 वर्ष) पुत्र हसन सरदार, निवासी जमालपुर, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है। आसिफ इन दिनों अपने ननिहाल सोहदवार गांव आया हुआ था। सोमवार की शाम वह अपने मामा के बेटे के साथ घर से कुछ दूरी पर स्थित चंद्रप्रभा नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह धीरे-धीरे गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। साथी बच्चे ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक आसिफ पानी में समा चुका था।

घटना की सूचना मिलते ही धरौली चौकी प्रभारी संतोष कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान शुरू कराया। हालांकि नदी में तेज बहाव और अंधेरा बढ़ जाने के कारण अब तक बच्चे का पता नहीं चल सका है।

ग्रामीणों के अनुसार, हादसे की जगह पर नदी काफी गहरी है और हाल ही में बारिश के कारण जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार सुबह फिर से गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा।

इधर, मासूम की डूबने की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और पिता का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।