चंदौली में उद्योगों को मिलेगा रफ्तार, निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

13

चंदौली में उद्योगों को मिलेगा रफ्तार, निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

चंदौली : जनपद में औद्योगिक विकास को नई गति देने और निवेशकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित मामलों, औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं तथा उद्यमियों के समक्ष आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नए उद्योगों की स्थापना और संचालित उद्योगों के संचालन में आने वाली सभी विभागीय बाधाओं का तत्काल समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि निवेशकों को भूमि आवंटन, विद्युत कनेक्शन, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) सहित अन्य आवश्यक अनुमतियां समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप जनपद में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देना तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक में ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना’ की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई को निर्देशित किया कि स्वरोजगार और उद्यम स्थापना से जुड़े सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही बैंकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर युवा उद्यमियों को ऋण स्वीकृति में आने वाली बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि उद्यमियों की समस्याओं के समाधान में शिथिलता बरतने वाले विभागों और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन निवेशकों और उद्यमियों को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

बैठक में उपायुक्त उद्योग राजधारी प्रसाद, अधिशासी अभियंता विद्युत, एलडीएम, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।