ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम ने किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था आयोग के मानकों के अनुरूप मिली
चंदौली : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का जुलाई माह का मासिक (बाह्य) निरीक्षण गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने किया। निरीक्षण मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के कार्यालय से नामित सांख्यिकीय अधिकारी तेज प्रकाश गुप्ता की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था का गहन परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने वेयरहाउस में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता एवं रिकॉर्डिंग व्यवस्था की जांच की। साथ ही मशीनों के सुरक्षित रख-रखाव, अभिलेखों के संधारण, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, प्रवेश नियंत्रण प्रणाली, डबल लॉक व्यवस्था तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित अन्य सुरक्षा मानकों का भी विस्तार से निरीक्षण किया।
जांच के दौरान ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा एवं रख-रखाव व्यवस्था आयोग के सभी निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। आवश्यक अभिलेखों, सुरक्षा प्रबंधों एवं अन्य व्यवस्थाओं का परीक्षण भी संतोषजनक रहा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लगातार मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार, परियोजना अधिकारी बी.बी. सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।


















