तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर, स्कूल जा रहे शिक्षक की मौके पर मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने NH पर लगाया जाम

42

तेज रफ्तार ट्रेलर का कहर, स्कूल जा रहे शिक्षक की मौके पर मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने NH पर लगाया जाम

चंदौली : कंदवा थाना क्षेत्र के सैयदराजा-जमानिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल जा रहे एक निजी विद्यालय के युवा शिक्षक की तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया, जिससे घंटों तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ककरैत गांव निवासी आशुतोष राय (27 वर्ष) बरुइन, जमानिया स्थित एक निजी विद्यालय में शिक्षक थे। मंगलवार सुबह वह रोज की तरह बाइक से स्कूल के लिए निकले थे। जैसे ही वे तलाशपुर मोड़ के पास पहुंचे, जमानिया की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि आशुतोष सड़क पर गिर पड़े और ट्रेलर उन्हें रौंदते हुए सैयदराजा की दिशा में फरार हो गया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। मृतक अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही मां बेहोश हो गईं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने शव को राष्ट्रीय राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर और उसके चालक को कंदवा थाना के पास से कब्जे में ले लिया। मौके पर क्षेत्राधिकारी सदर देवेंद्र कुमार सहित कई थानों की पुलिस पहुंची और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने में जुट गई।

फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं और इलाके में तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।