चंदौली में दर्दनाक हादसा, मकान की ढलाई के दौरान छज्जा गिरा, 50 वर्षीय हकीमुल्ला शाह की मौत, दो मजदूर घायल
चंदौली ; बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय हकीमुल्ला शाह की मौत हो गई। मकान की ढलाई के दौरान अचानक छज्जा गिरने से यह हादसा हुआ, जिसमें दो अन्य मजदूर भी घायल हो गए। घटना के बाद गांव में शोक और अफरा-तफरी का माहौल व्याप्त हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नैढ़ी गांव निवासी हकीमुल्ला शाह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार को वह अपने पुराने मकान को तुड़वाकर नए सिरे से छत की ढलाई का कार्य करवा रहे थे। ढलाई के दौरान छज्जे के नीचे लगा गार्डर अचानक सरक गया। उस समय हकीमुल्ला शाह नीचे खड़े होकर सेंट्रिंग का कार्य देख रहे थे। अचानक छज्जा उनके ऊपर आ गिरा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के समय ऊपर कार्य कर रहे दो सगे भाई मजदूर 35 वर्षीय सतीश राम और 38 वर्षीय बबलू भी संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़े और घायल हो गए। घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल तीनों को उठाकर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सैदपुर (जनपद गाजीपुर) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद हकीमुल्ला शाह को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों घायल मजदूरों का उपचार किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही मारूफपुर चौकी इंचार्ज अमित सिंह मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की बात कही, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ कर आगे की कार्रवाई पूरी की।
हकीमुल्ला शाह की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी सोना, पुत्र सलीम, आलिम, तालीम और पुत्री नाजिया का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
इस हृदयविदारक घटना ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।


















