राहुल इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों को निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरित, शिक्षा के महत्व पर जोर

144

राहुल इंटरनेशनल स्कूल में छात्रों को निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरित, शिक्षा के महत्व पर जोर

चंदौली : शिक्षा के महत्व को समझते हुए चहनियां क्षेत्र के महुअर कलां स्थित राहुल इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को एक साधारण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थापक प्रबंधक लल्लन आर. तिवारी ने विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क यूनिफॉर्म वितरित किया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भी भाग लिया, जहां बच्चों को सहज रूप से शिक्षा ग्रहण करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

शिक्षा के बिना डिजिटल युग में गुजारा मुश्किल – लल्लन आर. तिवारी

इस अवसर पर अपने संबोधन में संस्थापक प्रबंधक लल्लन आर. तिवारी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में शिक्षा के बिना जीवन यापन करना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने विशेष रूप से अंग्रेज़ी भाषा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “बिना इंग्लिश के तो और भी मुश्किल हो जाता है।” उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा वह साधन है जिससे कोई भी बच्चा अपने करियर को संवार सकता है और एक उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सकता है।

उन्होंने अभिभावकों को संदेश देते हुए कहा कि “किताबों को बोझ न समझें। ऐसा कोई भी कार्य नहीं है जिसे मनुष्य नहीं कर सकता। जब इंसान चाँद पर जा सकता है तो पढ़ाई करना कोई बड़ी बात नहीं है।” उन्होंने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को प्राथमिकता दें, भले ही इसके लिए “एक रोटी कम खाएं लेकिन बच्चों को शिक्षा जरूर दिलवाएं।”

कार्यक्रम में सैकड़ों लोग हुए शामिल

इस समारोह में विद्यालय के प्रबंधक आनंद तिवारी सोनू, प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह, पॉलिटेक्निक प्रिंसिपल परमात्मा वर्मा सहित विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने विद्यालय प्रशासन की इस पहल की सराहना की और बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय प्रशासन का कहना है कि आगे भी इसी प्रकार बच्चों के हित में कार्य किए जाएंगे, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इस कार्यक्रम से बच्चों में शिक्षा के प्रति नया जोश और उत्साह देखने को मिला।