जनपद के किसानों के लिए बेहतरीन मौका, किसानों को कम लागत पर मिलेंगे सोलर पंप, आवेदन शुरू

54

जनपद के किसानों के लिए बेहतरीन मौका, किसानों को कम लागत पर मिलेंगे सोलर पंप, आवेदन शुरू

चंदौली : जिले के किसानों को खेतों की सिंचाई के लिए सोलर पंप प्राप्त करने का बेहतरीन मौका मिला है. सहायक अभियंता लघु सिंचाई राम जी सिंह ने बताया कि “पहले आओ पहले पाओ” योजना के अंतर्गत किसानों को कम लागत पर सोलर पंप का वितरण किया जा रहा है. जिसमें 60 से 90 फीसदी तक की सब्सिडी दी जा रही है. जिले में 02 एच.पी. का 12 सेट सोलर पंप स्थापित किए जाने का लक्ष्य रखा गया है.

सहायक अभियंता लघु सिंचाई राम जी सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में लघु सिंचाई विभाग को चेकडैमो/तालाबों पर भू-स्तरीय सिंचाई सुविधा के लिए ट्राली माउंटेड दो एच.पी. सोलर पंप की स्थापना हेतु कुल 12 सेट स्थापित किया जाना है. जिसके लिए सोलर पंप की लागत 171716 रुपए व ट्राली 78 हजार रुपए मिलाकर कुल 249716 रुपए व्यय होगा. जिसमें सोलर पंप पर 60 फ़ीसदी यानी 103030 रुपए व ट्राली पर 90 फ़ीसदी यानी 67500 रुपए कुल 170500 रुपए का अनुदान मिलेगा. बताया कि उपरोक्त योजना में कुल 12 लक्ष्य के अनुसार चेकडैमों/तालाबों पर भू-स्तरीय सिंचाई सुविधा के लिए इच्छुक लाभार्थी कृषक अनुदान धनराशि के अतिरिक्त कृषक अंश धनराशि मु० 79186 रुपए का बैंक ड्राफ्ट लघु सिंचाई विभाग चंदौली में जमा कर योजना का लाभ ले सकते हैं.

बिजली की समस्याओं के कारण किसानों को सिंचाई के लिए परेशान होना पड़ता है. इससे फसल के उत्पादन में कमी आती है. किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार “पहले आओ पहले पाओ” योजना का संचालन कर रही है. जिसमें सोलर पंप लगाने के लिए सरकार के द्वारा किसानों को सब्सिडी मुहैया कराई जा रही है. सोलर पंप लगाने के लिए किसानों को केवल कुछ राशि ही खर्च करनी पड़ेगी. बाकी सरकार के द्वारा मदद की जा रही है. सोलर पंप पर्यावरण के लिहाज से भी काफी अच्‍छा है.