मुगलसराय में दवा कारोबारी की गोली मारकर हत्या, इलाके में दहशत, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जीटी रोड स्थित पॉपुलर मेडिकल स्टोर के संचालक रोहिताश पाल की अज्ञात बदमाश ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वारदात उस समय हुई जब वे दुकान बंद कर अपनी स्कूटी साफ कर रहे थे। बदमाश ने उनके सिर के पीछे सटाकर गोली मारी और धर्मशाला गली की ओर फरार हो गया। घायल अवस्था में अस्पताल ले जाए गए रोहिताश को ट्रॉमा सेंटर में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सीओ और एसपी समेत दो थानों की पुलिस फोर्स घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
कैसे हुई वारदात?
मंगलवार रात करीब 10:30 बजे रोहिताश पाल रोज़ की तरह अपनी दुकान बंद कर रहे थे। दुकान शटर गिराने के बाद वे अपनी स्कूटी साफ कर रहे थे, तभी अचानक पैदल आया एक अज्ञात बदमाश उनके बिल्कुल करीब पहुंचा और बेहद नज़दीक से सिर के पीछे गोली मार दी। गोली लगते ही रोहिताश मौके पर ही गिर पड़े। बदमाश वारदात को अंजाम देकर तेज़ी से धर्मशील वाली गली की ओर भाग गया। मौके पर मौजूद एक स्टाफ ने उसे पकड़ने की कोशिश भी की, लेकिन वह हाथ नहीं आया।
घायल को अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत घायल रोहिताश को अलीनगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रोहिताश पाल को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस मौके पर, दो थानों की फोर्स तैनात
हत्या की सूचना मिलते ही मुगलसराय और अलीनगर थाना क्षेत्र की पुलिस, सीओ और एसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। फिलहाल बदमाश की तलाश में पुलिस कई टीमें लगाकर गली-मोहल्लों में छापेमारी कर रही है।
स्थानीय लोगों में रोष
रोहिताश पाल रविनगर के निवासी थे और लंबे समय से कस्बे में मेडिकल स्टोर चला रहे थे। उनकी हत्या की खबर फैलते ही क्षेत्र में रोष फैल गया। लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं और बदमाश की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


















