राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर बोले डॉ. पंकज पाण्डेय – डॉक्टरों की सेवा और समर्पण को करें सम्मान

7

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर बोले डॉ. पंकज पाण्डेय – डॉक्टरों की सेवा और समर्पण को करें सम्मान

चंदौली : राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित न्यू आदित्य मैटर्निटी एंड नर्सिंग होम के प्रबंधक डॉ. पंकज पाण्डेय ने सभी चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशा नहीं, बल्कि समाज की सेवा का ऐसा माध्यम हैं, जो हर परिस्थिति में लोगों के जीवन की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं।

डॉ. पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस डॉक्टरों के अथक परिश्रम, निस्वार्थ सेवा और मरीजों के प्रति उनके समर्पण को सम्मानित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक दिन-रात अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए लोगों को स्वस्थ जीवन देने का कार्य करते हैं। ऐसे में समाज का भी दायित्व है कि वह डॉक्टरों के प्रति सम्मान और विश्वास बनाए रखे।

उन्होंने वर्तमान मौसम में लगातार हो रहे बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी, खांसी, गले में खराश, वायरल बुखार और अन्य मौसमी बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं। ऐसे समय में लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जरूरत है।

डॉ. पंकज पाण्डेय ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सर्दी, खांसी, गले में जकड़न, बुखार या अन्य किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या महसूस हो तो स्वयं दवा लेने के बजाय अपने नजदीकी अस्पताल या योग्य चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें। समय पर जांच और उचित उपचार से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।

उन्होंने लोगों से संतुलित आहार लेने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने तथा मौसम के अनुसार दिनचर्या अपनाने की भी सलाह दी। अंत में उन्होंने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।