डॉ. रामकिशोर शर्मा ‘बेहद जी’ की स्मृति में भव्य काव्य एवं सम्मान समारोह, साहित्यकारों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
चंदौली : चकिया क्षेत्र के प्रख्यात राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त शिक्षक एवं साहित्यकार स्वर्गीय डॉ. रामकिशोर शर्मा ‘बेहद जी’ की पावन स्मृति में मंगलवार को एक भव्य काव्य एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, शिक्षा और समाज सेवा से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता चकिया के विधायक कैलाश आचार्य ने की। अपने संबोधन में अतिथियों ने डॉ. शर्मा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र में जो अमूल्य योगदान दिया, वह सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उनके आदर्श और विचार नई पीढ़ी को समाज व राष्ट्र के प्रति समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
कार्यक्रम में शंभूनाथ सिंह यादव, गौरव श्रीवास्तव, अमिता शर्मा, मीना विश्वकर्मा तथा अखिलेश चन्द शर्मा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। सभी ने डॉ. शर्मा के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया।
इस अवसर पर आयोजित काव्य गोष्ठी में देश और क्षेत्र के प्रतिष्ठित कवियों ने अपनी ओजपूर्ण, भावपूर्ण एवं प्रेरणादायी रचनाओं का पाठ कर स्वर्गीय डॉ. रामकिशोर शर्मा ‘बेहद जी’ को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कवियों की प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया और पूरे सभागार में साहित्यिक वातावरण बना रहा।
समारोह के दौरान शिक्षा, समाज सेवा एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले स्थानीय एवं क्षेत्रीय प्रतिभाओं को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न एवं सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में साहित्य, शिक्षा और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का कार्य करते हैं। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. रामकिशोर शर्मा ‘बेहद जी’ की स्मृति में आयोजित यह समारोह क्षेत्र में साहित्यिक चेतना के विस्तार और शिक्षा के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।


















