भारी बारिश से जलभराव पर डीएम सख्त, अधिकारियों को लगाई फटकार, इलिया रोड व नरसिंहपुर में जलनिकासी व्यवस्था का लिया जायजा, लापरवाही पर दी कड़ी चेतावनी
चन्दौली : जनपद में हुई भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग गुरुवार को खुद मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इलिया रोड और सदर विकास खंड के नरसिंहपुर गांव में जलनिकासी की व्यवस्था में शिथिलता मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से जलनिकासी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इलिया रोड के निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने जिलाधिकारी को बताया कि हाईवे के नीचे से गुजरने वाली क्रॉस पुलिया और मुख्य नाला जाम होने के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हुई। सूचना मिलते ही जेटिंग मशीन लगाकर नाले की सफाई शुरू करा दी गई, जिसके बाद पानी की निकासी तेजी से होने लगी। जिलाधिकारी ने नाले की पूरी तरह सफाई कराकर भविष्य में जलभराव की समस्या दोबारा न होने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी नरसिंहपुर गांव पहुंचे। यहां बारिश के पानी की समुचित निकासी नहीं होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद एसडीएम सदर और चंद्रप्रभा प्रखंड के अधिशासी अभियंता को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी जलभराव वाले क्षेत्रों का स्वयं स्थलीय निरीक्षण करें और तत्काल राहत एवं जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को धरातल पर प्रभावी कार्रवाई कर जलनिकासी व्यवस्था बहाल कराने तथा की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से संबंधित विभागों में हड़कंप की स्थिति रही। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता को जलभराव से राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है और इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।


















