लतीफशाह डैम में जानलेवा स्टंट, 25 फीट ऊंचाई से छलांग लगाकर नहा रहे सैलानी
चंदौली : चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित लतीफशाह डैम में इन दिनों सैलानियों की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। लगातार बारिश के कारण डैम का जलस्तर बढ़ने और ओवरफ्लो पानी के तेज बहाव के बीच लोग अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में कुछ सैलानी करीब 20 से 25 फीट ऊंचाई से डैम के ओवरफ्लो पानी में छलांग लगाकर नहाते दिखाई दे रहे हैं।
डैम में पानी का स्तर बढ़ने के साथ ही गहराई और बहाव भी बढ़ गया है। इसके बावजूद सैलानी सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए गहरे पानी में उतर रहे हैं और ऊंचाई से छलांग लगाने जैसे खतरनाक करतब कर रहे हैं। वायरल वीडियो में लोगों की भीड़ के बीच बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के इस तरह का स्टंट करते हुए देखा जा सकता है।
लतीफशाह डैम में पूर्व में भी डूबने की घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद पर्यटकों द्वारा लगातार जोखिम उठाया जाना चिंता का विषय बना हुआ है। बारिश के मौसम में जलस्तर बढ़ने के कारण यहां खतरा और भी बढ़ जाता है।
वीडियो वायरल होने के बाद डैम की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक निगरानी को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि खतरनाक स्थानों पर सैलानियों को जाने से रोकने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की जरूरत है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
लोगों की जान की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन से डैम क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने, खतरनाक स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने और नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है। फिलहाल वायरल वीडियो के बाद लतीफशाह डैम में सैलानियों का यह जानलेवा स्टंट चर्चा का विषय बना हुआ है।


















