रिंग रोड के एलाइनमेंट में बदलाव की मांग, तेजोपुर के ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

55

रिंग रोड के एलाइनमेंट में बदलाव की मांग, तेजोपुर के ग्रामीणों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

चंदौली : प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना को लेकर सदर तहसील क्षेत्र के तेजोपुर गांव के ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाकात कर एलाइनमेंट में संशोधन की मांग उठाई। ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र सौंपते हुए कहा कि वर्तमान एलाइनमेंट के कारण उनके आवासीय मकान अधिग्रहण की जद में आ गए हैं, जिससे उनके सामने बेघर होने का संकट खड़ा हो गया है।

ग्रामीण बाबूलाल, राम आसरे और जितेंद्र ने बताया कि वे तेजोपुर गांव के मूल निवासी हैं तथा उनकी आराजी संख्या-35 में स्थित आवासीय मकान प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना से प्रभावित हो रहा है। यदि मकान का अधिग्रहण किया गया तो उनका पूरा परिवार बेघर हो जाएगा और जीवन-यापन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की कि परियोजना के एलाइनमेंट को दक्षिण दिशा की ओर स्थानांतरित किया जाए। उनका कहना है कि मकान के दक्षिण दिशा में कोई अन्य आवासीय भवन नहीं है, ऐसे में एलाइनमेंट में आंशिक बदलाव कर उनके घरों को सुरक्षित रखा जा सकता है। इससे न केवल परिवारों का आशियाना बच जाएगा, बल्कि रिंग रोड परियोजना के निर्माण कार्य पर भी कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मानवीय आधार पर मामले पर विचार करते हुए उचित निर्णय लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि बिना संशोधन के अधिग्रहण की कार्रवाई की गई तो प्रभावित परिवारों के समक्ष गंभीर सामाजिक और आर्थिक संकट उत्पन्न हो जाएगा।

अब इस मामले में जिला प्रशासन के निर्णय पर ग्रामीणों की निगाहें टिकी हुई हैं। यदि एलाइनमेंट में संशोधन किया जाता है तो कई परिवारों का आशियाना सुरक्षित रह सकता है और रिंग रोड परियोजना भी सुचारु रूप से आगे बढ़ सकेगी।