ब्लॉक परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान, विधायक कैलाश आचार्य, ब्लॉक प्रमुख व भाजपा जिलाध्यक्ष ने रोपे पौधे
चंदौली : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोमवार को चकिया ब्लॉक परिसर में वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य, ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव तथा भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने संयुक्त रूप से फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने लोगों से अपने घरों, खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं एवं आमजन से आह्वान किया कि वे सिर्फ पौधारोपण तक सीमित न रहें, बल्कि पौधों को पेड़ बनने तक उनकी सुरक्षा और संरक्षण का संकल्प भी लें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य सफल हो सकता है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।


















