सूर्या हॉस्पिटल का सराहनीय कदम, 93.2% अंक लाकर जिले में प्रथम स्थान पाने वाली रेखा बिंद को मिला पुरस्कार

79

सूर्या हॉस्पिटल का सराहनीय कदम, 93.2% अंक लाकर जिले में प्रथम स्थान पाने वाली रेखा बिंद को मिला पुरस्कार

चंदौली : जिले की प्रतिभाशाली छात्राओं ने एक बार फिर अपनी मेहनत और लगन से जनपद का नाम रोशन किया है। जिला मुख्यालय स्थित सूर्या हॉस्पिटल के संचालक डॉ. गौतम त्रिपाठी ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर यूपी बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्रा रेखा बिंद को सम्मानित किया।

डॉ. गौतम त्रिपाठी ने ₹11 हजार देकर किया पुरस्कृत

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में सकलडीहा तहसील के कवई पहाड़पुर गांव निवासी रेखा बिंद, पुत्री राजेश कुमार, को 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान और पूरे उत्तर प्रदेश में 14वां स्थान हासिल करने पर ग्यारह हजार रुपये की सम्मान राशि देकर पुरस्कृत किया गया।

ग्रामीण परिवेश से निकलकर रेखा ने रचा सफलता का इतिहास

इस अवसर पर डॉ. गौतम त्रिपाठी ने कहा कि रेखा बिंद की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की छात्राएं भी कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल कर सकती हैं। ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना समाज की जिम्मेदारी है, जिससे वे आगे बढ़कर देश और समाज का नाम रोशन करें।

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने सराहा, कहा – दूसरों के लिए प्रेरणा

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने भी छात्रा की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि रेखा बिंद ने यह सिद्ध कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद यदि लक्ष्य स्पष्ट हो तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी प्रेरणा लेने की अपील की।

छात्रा बोली – माता-पिता और गुरुओं का है पूरा योगदान

सम्मान पाकर रेखा बिंद ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज की सेवा करना चाहती हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया।

कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आगे भी इसी तरह सफलता के नए आयाम स्थापित करने की शुभकामनाएं दीं।