चंदौली में ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश, चार बाइक बरामद, दो शातिर चोर गिरफ्तार
चंदौली : जनपद में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर लगाम लगाने में जुटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली चंदौली पुलिस ने ऑटो लिफ्टर गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। पूछताछ में आरोपितों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
चेकिंग के दौरान दो शातिर चोर गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार की देर रात करीब 12:48 बजे सकलडीहा तिराहा पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से एक शाइन (UP67Y2761) और एक सुपर स्प्लेंडर (UP50AF6130) बरामद हुई।
बिहार में बेचने के लिए इकट्ठा करते थे चोरी के वाहन
कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपितों ने अपने गिरोह की गतिविधियों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे आसपास के जिलों चंदौली, आजमगढ़ और गाजीपुर से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें एक स्थान पर इकट्ठा करते थे और बाद में बिहार ले जाकर बेच देते थे। आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास पोखरा मंदिर के समीप झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दो और मोटरसाइकिलें होंडा शाइन (UP61AJ0787) और TVS XL सुपर (UP67H8232) बरामद कीं। इस प्रकार कुल चार चोरी की बाइक बरामद हुई हैं।
ऐशो-आराम की जिंदगी के लिए करते थे बाइक चोरी
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पवन गोंड (20) निवासी ग्राम इब्राहिमपुर और शरफराज नट उर्फ विशाल (19) निवासी ग्राम भाटीगांव, थाना व जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक कम समय में ऐशो-आराम की जिंदगी जीने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
ई-चालान ऐप से वाहनों के असली मालिकों की हुई पुष्टि
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बरामद शाइन (UP67Y2761) को सकलडीहा बाजार से, सुपर स्प्लेंडर (UP50AF6130) को आजमगढ़ के सरायसादी क्षेत्र से, होंडा शाइन (UP61AJ0787) को महूपुर क्षेत्र से तथा TVS XL सुपर (UP67H8232) को लक्ष्मणगढ़ से चोरी किया गया था। सभी वाहनों के वास्तविक स्वामियों की पहचान ई-चालान एप के माध्यम से सत्यापित कर ली गई है।
एक आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास भी आया सामने
इस मामले में कोतवाली चंदौली में मु0अ0सं0 204/2026 के तहत धारा 317(2), 317(4) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, गिरफ्तार अभियुक्त शरफराज नट का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें सैयदराजा थाना में गौ हत्या निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इस कार्रवाई से आमजन में बढ़ा भरोसा
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, उपनिरीक्षक वीरेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल अखिलेश यादव, कांस्टेबल वीर बहादुर यादव और कांस्टेबल आदर्श शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है, वहीं आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।


















