खुशबू किन्नर ब्लास्ट केस में नया मोड़, निर्दोषों को फंसाने का आरोप, असली आरोपी अब तक फरार
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के सराय गांव निवासी अभिषेक सिंह उर्फ टिंकू ने चर्चित खुशबू किन्नर ब्लास्ट मामले में गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों को साजिश के तहत झूठा फंसाया गया, जबकि वास्तविक आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पांच लोगों को भेजा गया था जेल
यह मामला बीते वर्ष दिसंबर का है, जब खुशबू किन्नर के घर हुए धमाके के बाद उन्होंने सराय गांव के पांच लोगों अभिषेक सिंह टिंकू, उनके पिता मनोज सिंह, विकास सिंह, मनीष सिंह और विशाल सिंह के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
सीएम के निर्देश पर जौनपुर पुलिस ने की जांच
मामले ने उस समय नया मोड़ लिया, जब विकास सिंह की मां कृष्णावती सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर यह जांच जौनपुर पुलिस को सौंपी गई। विकास के अनुसार, जांच के दौरान सभी आरोप निराधार पाए गए और आरोपितों को निर्दोष मानते हुए रिहा कर दिया गया।
खुशबू किन्नर समेत तीन पर दर्ज हुआ मुकदमा
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि उन्हें एक सुनियोजित साजिश के तहत बम ब्लास्ट केस में फंसाया गया था। जांच के बाद खुशबू किन्नर, धीरेंद्र सिंह अंकित और बाबूलाल विश्वकर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इनमें से खुशबू किन्नर वर्तमान में जेल में है, जबकि अन्य दोनों आरोपी अब भी फरार हैं।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की उठी मांग
पीड़ितों ने सवाल उठाया है कि जब उनके खिलाफ बिना ठोस साक्ष्य के त्वरित कार्रवाई हुई, तो वास्तविक आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने मांग की है कि फरार आरोपियों पर इनाम घोषित कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
तत्कालीन थाना प्रभारी पर कार्रवाई
वहीं, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी अतुल प्रजापति को केवल हटाया गया, जबकि मुख्यमंत्री द्वारा निलंबन के निर्देश दिए जाने की बात कही जा रही है। इसको लेकर भी पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
सीओ ने सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सख्त और ठोस कार्रवाई की जाएगी तथा फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।


















