बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चे राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुए रवाना

68

बेसिक शिक्षा विभाग के बच्चे राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए हुए रवाना

चंदौली : बेसिक शिक्षा विभाग चंदौली की टीम राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए हर्षोल्लास के साथ रवाना हुई। चहनियां कस्बे में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ चंदौली के संगठन मंत्री आदित्य रघुवंशी ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर उत्साहपूर्वक कानपुर के लिए रवाना किया।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे चंदौली के होनहार

बेसिक शिक्षा विभाग जनपद चंदौली के होनहार खिलाड़ी राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में अपना दमखम दिखाने के लिए तैयार हैं। इन बच्चों ने पहले जनपद स्तरीय प्रतियोगिता में उम्दा प्रदर्शन किया, फिर मंडल स्तरीय प्रतियोगिता जौनपुर में चंदौली की टीम उपविजेता बनी। इसी शानदार प्रदर्शन के आधार पर चंदौली की टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का सुनहरा अवसर मिला। प्रतियोगिता 18 मार्च, मंगलवार को कानपुर में आयोजित होगी, जिसमें प्रदेशभर की टीमें भाग लेंगी।

भव्य विदाई समारोह, खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया गया

खिलाड़ियों की विदाई के दौरान एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ चंदौली के संगठन मंत्री आदित्य रघुवंशी राजा ने बच्चों को नाश्ता-पानी कराकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि चंदौली के होनहार खिलाड़ी प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों को मेहनत और अनुशासन के साथ खेल भावना से प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रेरणा दी।

उत्साह और उम्मीदों के साथ रवाना हुई टीम

टीम को रवाना करने के अवसर पर जिला व्यायाम शिक्षक विवेकानंद दुबे, डॉ. देवेंद्र यादव सहित अन्य शिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चंदौली के खिलाड़ियों से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ये युवा खिलाड़ी अपने शानदार खेल कौशल से चंदौली का परचम कितना ऊंचा करते हैं।