कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप, प्रशासन अलर्ट
चंदौली : जनपद में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी वाला एक ईमेल प्राप्त हुआ। धमकी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया और तत्काल बम निरोधक दस्ता व भारी पुलिस बल कलेक्ट्रेट परिसर में तैनात किया गया।
ईमेल के जरिए दी गई धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह चंदौली के डीएम कार्यालय को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें खुद को गोपाल स्वामी नामक व्यक्ति बताते हुए कलेक्ट्रेट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इस ईमेल में यह भी उल्लेख किया गया था कि धमकी देने वाला व्यक्ति तमिलनाडु से संबंधित है और इस धमकी का कारण भी किसी तमिलनाडु से जुड़े राजनीतिक मुद्दे को बताया गया।
डीएम ने दी जानकारी
डीएम निखिल टी. फुंडे ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि, “आज सुबह एक व्यक्ति गोपाल स्वामी द्वारा एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें चेतावनी दी गई थी कि चंदौली कलेक्ट्रेट में बम विस्फोट हो सकता है। ईमेल में तमिलनाडु का पता भी दिया गया था और धमकी में तमिलनाडु के राजनीतिक मुद्दों का हवाला दिया गया।”
किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नही
धमकी के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बम निरोधक दस्ता और स्थानीय थाना पुलिस ने कलेक्ट्रेट परिसर को घेर लिया और गहन तलाशी अभियान चलाया गया। बम स्क्वाड की टीम ने कलेक्ट्रेट के हर कोने की सघन जांच की, लेकिन किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
डीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि ईमेल के कंटेंट को देखने पर यह प्रतीत हो रहा था कि मामला उतना गंभीर नहीं है, फिर भी सतर्कता के तौर पर पूरा परिसर खंगाला गया। उनका कहना था कि, “हमने समय रहते सावधानी बरतते हुए पूरी जांच करवा ली है और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक वस्तु नहीं पाई गई है।”
फिलहाल, इस पूरे मामले की जांच की जा रही है कि यह ईमेल कहां से और किस उद्देश्य से भेजा गया। साइबर सेल को भी अलर्ट कर दिया गया है ताकि मेल भेजने वाले की पहचान कर उसे कानून के दायरे में लाया जा सके।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कलेक्ट्रेट की सुरक्षा व्यवस्था को और भी सख्त कर दिया गया है।


















