चहनिया मारपीट व लूट कांड का खुलासा, मुकदमा वापस लेने के लिए वादी को डराने की साजिश नाकाम, तीन गिरफ्तार
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के चर्चित चहनिया मारपीट एवं लूट प्रकरण का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे व निशानदेही पर एक अवैध .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, लूटी गई सोने की चेन, चार मोबाइल फोन तथा सात हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पूर्व में दर्ज मुकदमे के वादी पर दबाव बनाकर मुकदमा वापस कराने के उद्देश्य से क्षेत्र में दहशत फैलाने की साजिश रच रहे थे।
पुलिस के अनुसार पपौरा निवासी राहुल कुमार सोनी उर्फ राहुल सेठ ने 21 जून 2026 को थाना बलुआ में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि विकास मैरिज लॉन, चहनिया में बकाया राशि देने के बहाने बुलाकर नंदकिशोर सिंह व उसके साथियों ने उनके साथ मारपीट की, सोने की चेन छीन ली और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाना बलुआ पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
इसी बीच 10 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि चहनिया चौराहे पर कुछ युवकों ने एक पिकअप चालक के साथ मारपीट करते हुए अवैध पिस्टल लहराई और मोहरगंज की ओर भाग गए हैं। सूचना पर सक्रिय हुई बलुआ पुलिस ने मोहरगंज चौकी के पास घेराबंदी कर दो बुलेट मोटरसाइकिलों पर सवार तीन संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपितों की पहचान शिवपाल सिंह, नंदकिशोर सिंह तथा सुधांशु सिंह उर्फ छोटू निवासी हिंगुत्तरगढ़, थाना धानापुर के रूप में हुई। आरोपितों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चहनिया चौराहे पर पिकअप चालक के साथ मारपीट कर क्षेत्र में अपना दबदबा कायम करने और पूर्व के मुकदमे के वादी राहुल कुमार सोनी को भयभीत कर मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया था।
पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि 21 जून को विकास मैरिज लॉन में हुई मारपीट और सोने की चेन लूट की घटना में उनके अन्य साथी भी शामिल थे। गिरफ्तारी के भय से नंदकिशोर सिंह ने मोहरगंज के पास झाड़ियों में अवैध पिस्टल और लूटी गई सोने की चेन छिपा दी थी, जिसे उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस तथा 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी करते हुए तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में बलुआ पुलिस टीम ने की।


















