चहनियां चौराहे पर दिनदहाड़े दबंगई, पिकअप चालक व दुकानदार से मारपीट, अवैध असलहा के साथ तीन युवक हिरासत में
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के चहनियां चौराहे पर शुक्रवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो बुलेट मोटरसाइकिलों पर सवार तीन मनबढ़ युवकों ने बीच बाजार जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि युवकों ने पहले एक पिकअप चालक की बीच चौराहे पर बेरहमी से पिटाई की और बीच-बचाव करने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति को भी मारपीट कर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपित असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस तत्काल हरकत में आ गई।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उनके कब्जे से एक अवैध शस्त्र भी बरामद किया गया है। घटना के बाद चहनियां बाजार के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
आभूषण व्यवसायी राहुल कुमार सोनी ने भी लगाया आरोप
इसी बीच चहनियां निवासी आभूषण व्यवसायी राहुल कुमार सोनी ने भी आरोपितों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि 31 जून को भी इन्हीं लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। राहुल के अनुसार, उनके परिचित हिनौता गांव निवासी कुंदन मिश्रा अपने मित्र धानापुर थाना क्षेत्र के हिंगुतरगढ़ निवासी नंद किशोर सिंह के साथ उनकी दुकान पर आए थे और आभूषण खरीदकर 87 हजार रुपये का भुगतान बाकी रख लिया था।
दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग
राहुल का आरोप है कि बार-बार भुगतान मांगने पर उन्हें टालमटोल किया जाता रहा। बाद में उन्हें चहनियां स्थित एक लॉन में बुलाया गया, जहां पहुंचते ही चार-पांच लोगों ने उन पर हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर वह अपनी दुकान पहुंचे और बाद में बलुआ थाने में नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि आरोपित तब से पुलिस की पकड़ से बाहर थे और अब उन्होंने चौराहे पर फिर से मारपीट की घटना को अंजाम दिया है। पीड़ित दुकानदार ने दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
चहनियां में दबंगई पर पुलिस का शिकंजा
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि चहनियां चौराहे पर मारपीट एवं शस्त्र प्रदर्शन की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बुलेट सवार तीन युवकों को हिरासत में ले लिया। उनके पास से अवैध शस्त्र बरामद हुआ है। आरोपितों के विरुद्ध थाना बलुआ में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी इन युवकों के खिलाफ थाना क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों के मामले दर्ज हैं, जिनमें विधिक कार्रवाई पहले से प्रचलित है। पुलिस मामले की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


















