भुपौली से रैथा नहर मार्ग के चौड़ीकरण की कवायद तेज, विशेष सचिव को भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय ने सौंपा ज्ञापन
चंदौली : भुपौली से रैथा नहर तक संपर्क मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर वर्षों से चल रही मांग को अब नया बल मिला है। गुरुवार को भाजपा नेता अरविंद पाण्डेय ने लखनऊ स्थित मुख्य भवन सचिवालय पहुंचकर लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव प्रभुनाथ से भेंट की और इस महत्वाकांक्षी परियोजना की उपयोगिता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने मार्ग के चौड़ीकरण की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा और अपनी स्वलिखित पुस्तक ‘व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण’ भी भेंट की।
रूट डायवर्जन का प्रमुख विकल्प
अरविंद पाण्डेय ने बताया कि यह मार्ग केवल भुपौली और रैथा को ही नहीं, बल्कि दीनदयालनगर से चहनियां को भुपौली में, चंदौली से सैदपुर स्टेट हाईवे को मथेला में, सकलडीहा से धानापुर मार्ग को शहीदगांव में तथा सकलडीहा से कमलापुर मार्ग को जनौली में जोड़ता है। यह मार्ग रूट डायवर्जन के लिए भी एकमात्र सुदृढ़ विकल्प है, जिससे परिवहन सुगमता के साथ लोड ट्रांसफर की नीति के तहत वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध हो पाता है।
सौ से अधिक गांवों को जोड़ेगा यह संपर्क मार्ग
भाजपा नेता ने यह भी बताया कि यह सड़क प्रधानमंत्री बहुआयामी सड़क परियोजना (रिंग रोड) को भी भुपौली से क़ैली के रास्ते जोड़ने का काम करेगी, जिससे इसका महत्व और अधिक बढ़ जाता है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि इस सड़क के निर्माण से सौ से अधिक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ेंगे और ग्रामीण परिवेश को बेहतर यातायात सुविधा प्राप्त होगी।
जल्द बजट जारी होने की उम्मीद
विशेष सचिव प्रभुनाथ ने भाजपा नेता की बातों को गंभीरता से सुनते हुए इस मार्ग के चौड़ीकरण व निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति दिए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने इस परियोजना को विभागीय कार्ययोजना में सम्मिलित करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी।
अरविंद पाण्डेय ने बताया कि वर्ष 2020 से इस मार्ग के लिए लगातार पत्राचार, संवाद और जनपद स्तरीय पैरवी की जा रही है। अब जब यह प्रस्ताव विभागीय एजेंडे में आ चुका है, तो क्षेत्रीय जनता को इसके शीघ्र निर्माण की प्रबल उम्मीद है।
यह मुलाक़ात न सिर्फ़ एक तकनीकी चर्चा रही, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव भी था, जहां एक नेता ने अपने क्षेत्र के लिए वर्षों की मेहनत को नीति-निर्माताओं के समक्ष सशक्तता से प्रस्तुत किया।


















