चंदौली में पुलिस की बड़ी सफलता, जिम संचालक हत्याकांड के दो इनामी अपराधी गिरफ्तार, भारी मात्रा में हथियार बरामद
चंदौली : थाना मुगलसराय पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जिम संचालक एवं प्रॉपर्टी डीलर अरविंद यादव हत्याकांड में फरार चल रहे दो इनामी अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों अपराधियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल सहित 7 पिस्टल, 3 तमंचे और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया और डीआईजी वाराणसी वैभव कृष्ण के निर्देशन में, एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे और सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में की गई।
रात में हुई हाई प्रोफाइल कार्रवाई
प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शनिवार देर रात चकिया तिराहे पर गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि जुलाई में हुए जिम संचालक हत्याकांड के आरोपी रोशन यादव और रोहित यादव रेलवे लाइन पकड़कर मानसरोवर पोखरे की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पोखरे और जीटीआर ब्रिज के पास घेराबंदी कर दी। रात लगभग 01:23 बजे पुलिस ने घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
अवैध हथियारों का मिला जखीरा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन यादव (22 वर्ष) पुत्र रामनारायण यादव, निवासी नसीरपुर, थाना मोहम्मदाबाद, गाजीपुर और रोहित यादव (26 वर्ष) पुत्र भैयालाल यादव, निवासी C-27/7 जगतगंज, थाना चेतगंज, वाराणसी के रूप में हुई। दोनों आरोपियों के पास से मिले बैग की तलाशी में पुलिस को अवैध हथियारों का जखीरा मिला। बरामद सामान में 07 पिस्टल 32 बोर (जिसमें हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी शामिल), 07 जिंदा कारतूस 32 बोर, 03 देशी तमंचे 315 बोर, 03 जिंदा कारतूस 315 बोर शामिल है।
हत्याकांड की साजिश का खुलासा
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि 21 जुलाई 2025 को ग्राम धरना, थाना मुगलसराय में हुए जिम संचालक एवं प्रॉपर्टी डीलर अरविंद यादव उर्फ बिंदू यादव की हत्या में वे सीधे तौर पर शामिल थे।
दोनों ने बताया कि यह हत्या बृजेश यादव उर्फ बाबा यादव के इशारे पर की गई थी। हत्या के दिन कल्लू यादव, काजू यादव, रोहित यादव, ओमप्रकाश यादव समेत कई आरोपी अरविंद के जिम पर पहुंचे। आपसी विवाद के बाद आरोपियों ने अरविंद यादव पर गोलियां दागीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
अपराध की दुनिया में ऐसे कदम रखा
गिरफ्तार आरोपी रोहित यादव ने पुलिस को बताया कि उसकी दोस्ती रोशन यादव से काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव के दौरान हुई थी। इसके बाद दोनों अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गए। जेल में रहने के दौरान उनकी मुलाकात बृजेश यादव से हुई, जिसने उन्हें अवैध असलहा तस्करी में शामिल कर लिया।
पुलिस की बड़ी उपलब्धि
अब तक इस हत्याकांड में कुल 11 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल जिम संचालक हत्याकांड की गुत्थी सुलझी, बल्कि अवैध असलहा गिरोह का बड़ा नेटवर्क भी उजागर हुआ।
एसपी चंदौली का बयान
इस बाबत एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे ने बताया कि “पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में फरार दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए हैं। इस गिरफ्तारी से न केवल हत्याकांड सुलझा है, बल्कि असलहा तस्करी का बड़ा नेटवर्क भी सामने आया है।”
गिरफ्तारी व बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह, उपनिरीक्षक मनोज तिवारी, अजय कुमार, अभिषेक शुक्ला, हेड कांस्टेबल विवेकानंद बघेल, मेंराज अहमद, अतुल कुमार सिंह, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी आशीष मिश्रा, अरविंद भारद्वाज व राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, बिजेंद्र सिंह, आशुतोष सिंह, प्रेम प्रकाश यादव, मंटू सिंह, अजीत सिंह, गणेश तिवारी, मनोज यादव, मनीष कुमार, संदीप कुमार शामिल रहे।


















