मुगलसराय पुलिस की बड़ी सफलता, चोरी की 4 बैटरियां और सीलिंग फैन हब के साथ शातिर चोर गिरफ्तार
चंदौली : जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना मुगलसराय पुलिस ने चोरी की 4 बैटरियां और एक सीलिंग फैन हब के साथ एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में थाना प्रभारी मुगलसराय विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गल्ला मंडी के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम बिजलेश पुत्र अवधेश, निवासी काली महाल, थाना मुगलसराय, उम्र लगभग 20 वर्ष बताया। अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह रात में कबाड़ बीनने का काम करता है और मौका मिलने पर छोटी-मोटी चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है।
अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि बरामद चार बैटरियां उसने सट्टी रोड स्थित एक मोटरसाइकिल दुकान से चोरी की थीं, जबकि सीलिंग फैन का हब उसने गल्ला मंडी स्थित एक चाय की दुकान से चुराया था।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से चोरी की 04 बैटरियां और 01 सीलिंग फैन हब बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना मुगलसराय में मु.अ.सं. 226/26 के तहत धारा 317(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा विजय राज, हेड कांस्टेबल भूपेश कुमार और अतुल कुमार शामिल रहे। मुगलसराय पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।


















