चकिया में वृहद रोजगार मेला, 30 कंपनियों ने 648 युवाओं को दिया जॉब ऑफर
चंदौली : युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बुधवार को चकिया स्थित द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई परिसर (अहरौरा रोड) में उ०प्र० रोजगार मिशन के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली द्वारा वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में जिले और आसपास के क्षेत्रों से आए करीब 1500 अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
रोजगार मेले में कुल 30 प्रतिष्ठित कंपनियों ने हिस्सा लिया और विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 648 अभ्यर्थियों को जॉब ऑफर प्रदान किए गए। इनमें प्रमुख रूप से टाटा मोटर्स द्वारा 111, एसआईएस सिक्योरिटी द्वारा 33, हिण्डाल्को द्वारा 21, अशोक लीलैंड द्वारा 19, आईसीआईसीआई बैंक द्वारा 14, एलआईसी द्वारा 10, मिण्डा द्वारा 10 तथा सुब्रोश द्वारा 9 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में अवसर प्रदान करने के साथ ही उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभ्यर्थियों को पूरी निष्ठा और लगन से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
मेले में भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह तथा उ०प्र० पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य शिवमंगल बियार की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने युवाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिला सेवायोजन अधिकारी गिरीजेश कुमार गुप्ता ने अभ्यर्थियों से सीधे संवाद करते हुए उन्हें तकनीकी एवं गैर-तकनीकी क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को उनकी योग्यता के अनुसार कंपनियों में साक्षात्कार देने के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
इस अवसर पर डीसी मनरेगा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी चंदौली, खंड विकास अधिकारी चकिया, क्षेत्राधिकारी चकिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल संचालन में द्विवेदी प्राइवेट आईटीआई के प्रबंधक सुरेंद्र द्विवेदी और रौशन द्विवेदी सहित समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
रोजगार मेले के सफल आयोजन से क्षेत्र के युवाओं में उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए, जिससे उनके भविष्य को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट : अवधेश दुबे, संवाददाता चकिया चंदौली


















