चंदौली में निर्माणाधीन पुलिस लाइन का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता व समयसीमा पर सख्त निर्देश
चंदौली : जनपद में पुलिस अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को प्रशासनिक स्तर पर अहम पहल देखने को मिली। जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने भोजापुर स्थित निर्माणाधीन पुलिस लाइन का संयुक्त निरीक्षण कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की गहन समीक्षा की।
आवासीय भवन, बैरक और प्रशासनिक ब्लॉक की हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माणाधीन आवासीय भवनों, प्रशासनिक ब्लॉक तथा बैरकों का स्थलीय जायजा लिया। निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति पर संतोष जताते हुए उन्होंने कुछ हिस्सों में कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए।
गुणवत्ता से समझौता न करने के सख्त निर्देश
जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने स्पष्ट कहा कि निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और तकनीकी अधिकारियों को नियमित सैंपलिंग व परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।
मैनपावर बढ़ाकर काम तेज करने के निर्देश
वहीं पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कहा कि नई पुलिस लाइन का समय से पूरा होना जनपद की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था को मैनपावर बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी नई पुलिस लाइन
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य है कि चंदौली की नई पुलिस लाइन अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त हो और तय समयसीमा में पूर्ण हो। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अधिशासी अभियंता समेत संबंधित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


















