बलुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तमंचे के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार
चंदौली : अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बलुआ पुलिस ने सोमवार की शाम बड़ी सफलता हासिल की। थाना क्षेत्र के रईया गांव के समीप चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अभियुक्त को नाजायज तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पकड़ा गया आरोपी बिहार के मुंगेर से अवैध हथियार लाकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश में था।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए सोमवार को क्षेत्र में अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में बलुआ थाना प्रभारी अतुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रईया गांव के पास वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक स्कार्पियो वाहन में सवार युवक को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो वह भागने की फिराक में दिखा। शक होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। मौके पर ही अभियुक्त से पूछताछ में उसने अपना नाम कृष्णकांत उर्फ पुच्चू निवासी चक गुरेरा बताया। उसने स्वीकार किया कि वह यह तमंचा बिहार के मुंगेर से खरीदकर लाया था। पूछताछ में उसने हथियार बेचने वाले का नाम बताने से इंकार कर दिया।
थाना प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि अभियुक्त अपने क्षेत्र में भय और दबदबा कायम करने के उद्देश्य से अवैध असलहा रखता था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी अतुल कुमार, मोहरगंज चौकी प्रभारी सुभाष कुमार गौतम, कां. कृष्ण कुमार यादव, अनुज कुमार वर्मा तथा अल्ताफ अहमद शामिल रहे।


















