चूहों-छछूंदर से फैलने वाली बीमारियों पर अलर्ट, गांव-गांव पहुंच रहा जागरूकता अभियान

45

चूहों-छछूंदर से फैलने वाली बीमारियों पर अलर्ट, गांव-गांव पहुंच रहा जागरूकता अभियान

चंदौली : जनपद में चूहों और छछूंदरों से फैलने वाली खतरनाक बीमारियों को लेकर कृषि विभाग सक्रिय हो गया है। किसानों और ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 2026 का पहला चरण तेज़ी से चलाया जा रहा है।

1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक चलेगा अभियान

जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि यह अभियान 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक संचालित हो रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य खेतों और घरों में पनपने वाले चूहों व छछूंदरों पर नियंत्रण करना है, ताकि उनसे फैलने वाले संक्रामक रोगों को रोका जा सके।

किसानों को किया जा रहा जागरूक

जनपद की 589 ग्राम पंचायतों में अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम, बैठकों और प्रचार-प्रसार के जरिए किसानों को जागरूक किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में विशेषज्ञों द्वारा चूहों और छछूंदरों से होने वाली बीमारियों जैसे स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पाइरोसिस के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

सुरक्षात्मक उपाय अपनाने की सलाह

अधिकारियों ने बताया कि ये बीमारियां जीवाणु जनित होती हैं और समय पर सावधानी न बरतने पर गंभीर रूप ले सकती हैं। इसलिए ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, खेतों और घरों में चूहों की संख्या नियंत्रित करने तथा सुरक्षात्मक उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।

कृषि विभाग ने की अपील

कृषि विभाग ने किसानों और आम जनमानस से अपील की है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें और अपने गांव को इन खतरनाक बीमारियों से सुरक्षित बनाने में सहयोग दें।