जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, डीएम ने सेवाओं की गुणवत्ता पर कसा शिकंजा

35

जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण, डीएम ने सेवाओं की गुणवत्ता पर कसा शिकंजा

चंदौली : जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को बाबा कीनाराम स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी, इमरजेंसी, नेत्र कक्ष समेत विभिन्न विभागों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

दवाओं की उपलब्धता और उपचार की गुणवत्ता पर जताई सख्ती

डीएम ने अस्पताल में उपचार की गुणवत्ता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली की गहन जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी सेवाएं समयबद्ध व प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं।

मरीजों से सीधे संवाद कर लिया व्यवस्थाओं का फीडबैक

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों से सीधे संवाद कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि मरीजों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समय पर इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डॉक्टरों की उपस्थिति और उपकरणों की कार्यशीलता पर दिए निर्देश

डीएम ने डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति, आवश्यक उपकरणों की कार्यशीलता और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल कैंटीन में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और पैकेज्ड खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट की सतत निगरानी करने को कहा।

लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

उन्होंने चिकित्सकों और स्टाफ को जिम्मेदारी व संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।