चंदौली में एलपीजी को लेकर फैली अफवाहों पर प्रशासन सख्त, डीएम चंद्र मोहन गर्ग बोले- जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

112

चंदौली में एलपीजी को लेकर फैली अफवाहों पर प्रशासन सख्त, डीएम चंद्र मोहन गर्ग बोले- जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

चंदौली : जिले में रसोई गैस की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से घबराने की जरूरत न होने की अपील की है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और सभी उपभोक्ताओं को उनकी आवश्यकता के अनुसार गैस उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने, जमाखोरी या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तेल कंपनियों व गैस वितरकों के साथ हुई समीक्षा बैठक

कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गुरुवार को जिले के एलपीजी गैस वितरकों और तेल कंपनियों के प्रबंधकों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के क्षेत्रीय प्रबंधकों ने बताया कि जिले में गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। सभी गैस एजेंसियों को उनकी मांग के अनुसार समय-समय पर गैस उपलब्ध कराई जा रही है।

बैठक में मौजूद गैस वितरकों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया कि उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा नहीं है।

जिले में गैस आपूर्ति पूरी तरह सामान्य

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को लेकर सोशल मीडिया पर एलपीजी की संभावित कमी से जुड़ी भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की जा रही हैं, जिससे आम लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है, क्योंकि जिले में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है।

अनावश्यक सिलेंडर बुकिंग और भंडारण से बचें उपभोक्ता: डीएम

डीएम ने कड़े शब्दों में कहा कि जो लोग गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी या अनावश्यक रूप से अधिक सिलेंडर इकट्ठा करने का प्रयास करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे अनावश्यक रूप से अतिरिक्त गैस सिलेंडर की बुकिंग या घरों में भंडारण न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अवैध भंडारण या अनधिकृत वितरण नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण, तलाशी और जब्ती की कार्रवाई के दिए गए निर्देश

जिलाधिकारी ने गैस वितरकों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के अनुसार समय पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करें और वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अनियमितता न होने दें। साथ ही संबंधित अधिकारियों को एलपीजी गोदामों, वितरण केंद्रों और अन्य संदिग्ध स्थलों पर नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर तलाशी और जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से बचने की अपील

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से संयम बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और किसी भी प्रकार की घबराहट की आवश्यकता नहीं है। साथ ही चेतावनी दी कि इस संबंध में अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।