गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत प्रशासन अलर्ट
चंदौली : गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत डीएम निखिल टी. फुंडे ने संबंधित अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है. साथ ही आवश्यक कदम उठाने के कड़े निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि सम्बन्धित क्षेत्र में चिन्हित बाढ़ चौकियों को अलर्ट एक्टिव करते हुए कर्मचारियों को भ्रमणशील रखा जाय साथ ही रेस्क्यू टीम भी सजग और तैयार रहे. मेडिकल टीम, पशु चिकित्सा टीम आदि को पूरी तरह एक्टिव रहने का निर्देश दिया. डीएम के निर्देश पर एसडीएम मुगलसराय आलोक कुमार व एसडीएम सकलडीहा अनुपम मिश्रा ने बाढ़ क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया.

एसडीएम मुगलसराय आलोक कुमार ने बाढ़ क्षेत्र कुंडा खुर्द गांव का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. साथ ही बाढ़ राहत चौकी शरणालय का भी निरीक्षण किया. इस दौरान सीओ डीडीयू नगर आशुतोष कुमार एवं राजस्व विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे. सकलडीहा एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान गांवो में बाढ़ के दृष्टिगत मुनादी कराकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे नदी किनारे कोई पशु, बच्चा एवं अन्य जनमानस न जाएं. उन्होंने बताया कि लेखपाल, कानूनगो, पुलिस, मेडिकल टीम, गोताखोर एवं अन्य ब्लॉक की टीम की डयूटी लगा दी गई है.


















