पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर अचानक लगी आग, पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रित

116

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर अचानक लगी आग, पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रित

चंदौली : भीषण गर्मी और तेज तापमान के बीच बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्युत पोल पर लगे एल.एन.टी. केबल में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते केबल धूं-धूं कर जलने लगा और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज चिंगारी और धुएं के साथ आग तेजी से फैलने लगी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल सक्रिय हो गए और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। पुलिसकर्मियों ने फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया, जिसके बाद कुछ ही देर में स्थिति नियंत्रित कर ली गई।

प्राथमिक तौर पर आग लगने का कारण भीषण गर्मी और अत्यधिक तापमान के चलते शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। आग लगने के दौरान मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोग दहशत में इधर-उधर भागते नजर आए।

समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं विद्युत विभाग द्वारा मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है।