हुदहुदीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से गर्भवती गाय की मौत, परिवार में छाया मातम
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के हुदहुदीपुर गांव में मंगलवार की शाम मौसम के अचानक बदले मिजाज के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक गाय की मौत हो गई। हादसे के बाद पशुपालक परिवार में मायूसी छा गई। मृत गाय बच्चा देने वाली थी, जिससे पशुपालक को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है।
हुदहुदीपुर गांव निवासी रमाकांत सिंह की गाय मंगलवार की शाम उनके मकान के समीप स्थित खेत में घास चर रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम में बदलाव हुआ और आकाशीय बिजली चमकने लगी। देखते ही देखते तेज चमक के साथ आकाशीय बिजली गाय के पास गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गई।
घटना के बाद परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गाय की मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने बताया कि गाय स्वस्थ थी और जल्द ही बच्चा देने वाली थी। ऐसे में अचानक हुई मौत से रमाकांत सिंह के परिवार को काफी नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित पशुपालक को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद गांव में आकाशीय बिजली को लेकर लोगों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने मौसम खराब होने के दौरान लोगों से खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील भी की।


















