बलुआ थाना पहुंचे एसपी आकाश पटेल, व्यापारियों संग सुरक्षा संवाद, चहनिया जाम से निजात दिलाने का दिया आश्वासन

95

बलुआ थाना पहुंचे एसपी आकाश पटेल, व्यापारियों संग सुरक्षा संवाद, चहनिया जाम से निजात दिलाने का दिया आश्वासन

चंदौली : जनपद के बलुआ थाना परिसर में मंगलवार की शाम पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने स्थानीय व्यापारियों के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण संवाद किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना के शिकायत रजिस्टर, महिला हेल्प डेस्क और शस्त्रागार का बारीकी से अवलोकन किया। थाना परिसर में साफ-सफाई, साज-सज्जा और बागवानी की व्यवस्था देखकर उन्होंने पुलिसकर्मियों की सराहना की।

व्यापारियों के साथ आयोजित बैठक में एसपी आकाश पटेल ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर स्थानीय थाना स्तर पर तत्काल समाधान कराया जाएगा। साथ ही चहनिया बाजार में लंबे समय से लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को जल्द राहत दिलाने का भरोसा भी दिया।

बैठक के दौरान एसपी ने बलुआ पुल के पास ओवरलोड वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए लगाए गए बैरिकेडिंग की स्थिति की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कार्यक्रम के अंत में चहनिया व्यापार मंडल की ओर से पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर एडिशनल एसपी अनन्त चंद्रशेखर, सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा, थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह सहित सभी चौकी प्रभारी, चहनिया व्यापार मंडल अध्यक्ष भानू प्रताप यादव, समाजसेवी अजय सिंह समेत बड़ी संख्या में व्यापारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।