चंदौली में सनसनी, दिनदहाड़े अस्पताल में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

385

चंदौली में सनसनी, दिनदहाड़े अस्पताल में घुसकर महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

चंदौली : जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र स्थित कमला नगर के जीवक अस्पताल में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया, जब एक युवक ने दिनदहाड़े अस्पताल में घुसकर भर्ती महिला को गोली मार दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक सीधे अस्पताल के अंदर पहुंचा और महिला के पास जाकर बेहद नजदीक से गोली चला दी। गोली लगते ही महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिस्टल लहराते हुए अस्पताल से बाहर भागने लगा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर पकड़ लिया।

इसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया।

मृतका की पहचान 55 वर्षीय लक्ष्मीना देवी, निवासी कैमूर (बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लक्ष्मीना देवी के पैर का ऑपरेशन हुआ था और वह इलाज के लिए जीवक अस्पताल में भर्ती थीं। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया है कि आरोपी के पास दो असलहे थे, जिससे घटना के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका भी जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। साथ ही फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। एसपी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी कौन है और उसने महिला की हत्या क्यों की। पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।