कुएं में गिरी नीलगाय को ग्रामीणों ने बचाया, घंटों चली मशक्कत

11

कुएं में गिरी नीलगाय को ग्रामीणों ने बचाया, घंटों चली मशक्कत

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के ककरहटी गांव में बुधवार को एक मानवीय पहल का सराहनीय उदाहरण देखने को मिला। गांव के सिवान स्थित झाड़-झंखाड़ से ढके एक खुले पुराने कुएं में एक नीलगाय गिर गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जाता है कि पास के खेत में गेहूं की कटाई कर रहा एक ग्रामीण जब वहां से गुजर रहा था, तभी उसे कुएं के अंदर से किसी जानवर के छटपटाने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर उसने पाया कि एक नीलगाय कुएं में गिरी हुई है और बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रही है।

ग्रामीण ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और आसपास के लोगों को दी। सूचना मिलते ही मौके पर दर्जनों ग्रामीण इकट्ठा हो गए। पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने रस्सियों और अन्य संसाधनों की मदद से नीलगाय को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।

करीब कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बाहर आते ही नीलगाय तेजी से जंगल की ओर भाग गई। इस दौरान मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस के सहयोग से एक बेजुबान जानवर की जान बचाने की इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।