अज्ञात कारणों से लगी घर में आग, जली जिंदगी भर की कमाई, पूर्व विधायक के बाद जागा प्रशासन, दमकल की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश

78

अज्ञात कारणों से लगी घर में आग, जली जिंदगी भर की कमाई, पूर्व विधायक के बाद जागा प्रशासन, दमकल की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश

चंदौली : धीना थाना क्षेत्र के तम्बागढ़ गांव में बुधवार को अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते कई रिहायशी घर इसकी चपेट में आकर जलकर राख हो गए। घटना के दौरान घरों में रखे गैस सिलेंडरों में हुए विस्फोट ने आग को और भड़काया, जिससे आसपास के घर भी तेजी से इसकी चपेट में आ गए।

इस भीषण अग्निकांड में कई परिवारों की वर्षों की जमा पूंजी पलभर में खाक हो गई। घरों में रखा कीमती सामान, गहने, नकदी, बच्चों के कपड़े व किताबें, मोटरसाइकिल, साइकिल और रिक्शा सहित सब कुछ जलकर नष्ट हो गया। हादसे में पारस राम व छोटू राम की पांच बकरियां भी जल गईं, जबकि कई बच्चे झुलस जाने की सूचना है, जिन्हें स्थानीय स्तर पर उपचार के लिए ले जाया गया।

कई परिवारों के घर आग में खाक

आगलगी की इस घटना में अशोक, बब्बन, सदानंद, श्रीकिशुन, राधेश्याम, रामनरेश, श्यामबली, श्लोक सहित कई ग्रामीणों के घर जलने की सूचना है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

 

सूचना के बावजूद डेढ़ घंटे देर से पहुंची दमक

ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल विभाग की गाड़ी करीब डेढ़ घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, तब तक गांव का बड़ा हिस्सा आग की भेंट चढ़ चुका था। बताया जा रहा है कि पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह “डब्लू” के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद ही प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। वहीं, हादसे के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं और उनके सामने भोजन व आश्रय का संकट खड़ा हो गया है।

तत्काल राहत व मुआवजे की मांग

पीड़ित परिवारों ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल राहत एवं मुआवजे की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में स्थायी फायर स्टेशन की स्थापना की मांग भी तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से फायर स्टेशन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है।

वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आकलन कराया जा रहा है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।