चकिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध असलहा व कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

122

चकिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध असलहा व कारतूस के साथ दो गिरफ्तार

चंदौली : जनपद में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस ने मंगलवार को बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने गढ़वा घाट कुटिया, ग्राम सोनबरसा के समीप सघन चेकिंग के दौरान अपाचे मोटरसाइकिल सवार दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस बरामद किया।

चेकिंग के दौरान अपाचे सवार दबोचे गए

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम क्षेत्र में सक्रिय थी। इसी बीच एक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध अवस्था में आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की और तलाशी ली, जिसमें उनके पास से 32 बोर का एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रमोद कुमार पटेल पुत्र बलिराम सिंह, निवासी ग्राम तिलौली कला थाना कर्मा, जनपद सोनभद्र तथा प्रमोद कुमार यादव पुत्र स्व. बैजनाथ यादव, निवासी ग्राम केवली थाना घोरावल, जनपद सोनभद्र के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त प्रमोद पटेल ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ा है और अपनी सुरक्षा के लिए उसने यह असलहा खरीदा था। उसने यह भी स्वीकार किया कि असलहा खरीदने में उसके साथी प्रमोद यादव ने मदद की थी।

बिहार से खरीदकर ला रहे थे हथियार

वहीं, प्रमोद यादव ने पूछताछ में बताया कि बिहार के एक अज्ञात व्यक्ति के माध्यम से उसे असलहा उपलब्ध कराने की जानकारी मिली थी। उसी के कहने पर वह अपने मित्र प्रमोद पटेल को बिहार के हाटा क्षेत्र में ले गया, जहां एक व्यक्ति ने उन्हें यह असलहा और कारतूस उपलब्ध कराया। इसके बाद दोनों उसे लेकर अपने घर वापस लौट रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

मुकदमा दर्ज, नेटवर्क की तलाश में पुलिस

चकिया पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना चकिया में मु.अ.सं. 102/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब अवैध असलहा सप्लाई करने वाले गिरोह और उसके नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

अपराधिक इतिहास भी आया सामने

जांच के दौरान प्रमोद कुमार यादव के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और गाली-गलौज से संबंधित मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है, जबकि प्रमोद पटेल के खिलाफ यह पहला मामला सामने आया है।

इनकी रही अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव एवं कांस्टेबल श्रीराम यादव की सराहनीय भूमिका रही।