खोए मोबाइल मिले, चेहरों पर लौटी खुशी, 36 लाख से अधिक की कीमत के 121 फोन बरामद

39

खोए मोबाइल मिले, चेहरों पर लौटी खुशी, 36 लाख से अधिक की कीमत के 121 फोन बरामद

चंदौली : खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन वापस मिलने से जिले भर के लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में स्वाट व सर्विलांस टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए 121 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत करीब 36.30 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक ने जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेते हुए CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ट्रेसिंग के निर्देश दिए थे। इसके बाद गठित स्वाट व सर्विलांस टीमों ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयास के जरिए विभिन्न स्थानों से गुमशुदा व चोरी हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए।

सोमवार को पुलिस लाइन चंदौली स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की उपस्थिति में सभी 121 मोबाइल उनके स्वामियों को सुपुर्द किए। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम की जमकर सराहना की।

थाना वार बरामदगी में सकलडीहा अव्वल

बरामद मोबाइलों में सबसे अधिक 47 फोन सकलडीहा थाना क्षेत्र से मिले। इसके अलावा चंदौली से 21, मुगलसराय से 9, बबुरी से 7, नौगढ़ व धानापुर से 6-6, चकिया से 4, सैयदराजा, धीना व कंदवा से 3-3, चकर्घट्टा व इलिया से 2-2 तथा सर्विलांस सेल से 8 मोबाइल बरामद किए गए।

टीम की मेहनत लाई रंग

इस अभियान में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों की टीम ने अहम भूमिका निभाई। लगातार तकनीकी निगरानी और समन्वय के जरिए टीम ने बड़ी सफलता हासिल की।

इस पहल से न केवल लोगों का पुलिस पर भरोसा मजबूत हुआ है, बल्कि यह भी साबित हुआ है कि आधुनिक तकनीक और सतत प्रयास से गुमशुदा संपत्ति को वापस पाया जा सकता है।