नशे के खिलाफ चंदौली पुलिस का बड़ा प्रहार, 111.9 किलो गांजा संग 6 तस्कर गिरफ्तार

55

नशे के खिलाफ चंदौली पुलिस का बड़ा प्रहार, 111.9 किलो गांजा संग 6 तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : जनपद पुलिस ने नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग स्थानों से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। थाना बबुरी व मुगलसराय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में कुल 111.900 किलोग्राम गांजा के साथ 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की कीमत करीब 30 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चन्द्रशेखर व क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पिकअप में छिपाकर ले जाया जा रहा था 103 किलो गांजा

थाना बबुरी पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम ने चेकिंग के दौरान अशोक इंटर कॉलेज के पास एक संदिग्ध पिकअप (CG10C3922) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन में रखे कार्टून के नीचे छिपाकर रखी गई चार बोरियों से 103.400 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस दौरान रायगढ़ (छत्तीसगढ़) निवासी शत्रुघन चौहान व शिवप्रधान को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ से गांजा लाकर मिर्जापुर व वाराणसी में सप्लाई करते थे। पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

अर्टिगा कार से 8.5 किलो गांजा बरामद, महिला समेत 3 गिरफ्तार

वहीं, मुगलसराय पुलिस ने जीटी रोड स्थित मेडविन हॉस्पिटल के पास चेकिंग के दौरान एक अर्टिगा कार (MH01BY2330) को रोका। वाहन सवार भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीन लोगों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में हेमन्त कुमार सरोज (प्रतापगढ़), राहुल तिवारी (बक्सर, बिहार) व मन्जू देवी (गया, बिहार) शामिल हैं।

इनके कब्जे से 8 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि ये लोग उड़ीसा से गांजा लाकर वाराणसी क्षेत्र में बेचते थे। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

अभियान रहेगा जारी

पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बरामदगी व गिरफ्तारी करने वाली टीम

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र के नेतृत्व में बबुरी पुलिस व स्वाट/सर्विलांस टीम और थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम शामिल रहे।